नई दिल्ली : यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। साल 2018 के मानहानि मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया है। अदालत ने यह कार्रवाई पहले जारी किए गए जमानती वारंट के बावजूद पेशी न होने पर की है।
दरअसल, यह पूरा मामला मई 2018 में ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2’ वीडियो से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन उर्फ विकास पांडे का आरोप है कि इस वीडियो में उनके खिलाफ गलत और भ्रामक आरोप लगाए गए थे, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
कोर्ट में पेश नहीं हुए ध्रुव राठी
मामले में 15 अक्टूबर को अदालत ने समन जारी करते हुए ध्रुव राठी को दो दिन के भीतर पेश होने का निर्देश दिया था। उस समय वह भारत में मौजूद थे। हालांकि, 17 अक्टूबर को उनकी ओर से अदालत में पेश हुए अधिवक्ता ने बताया कि ध्रुव राठी लंदन जा चुके हैं और व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित नहीं हो सकते।
इसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। अब 37 दिन बाद कोर्ट ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है।
समन तामील कराने के लिए अपनाई गई थी प्रक्रिया
इससे पहले साकेत कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल जैन ने शिकायतकर्ता की अर्जी पर सुनवाई करते हुए नए सिरे से समन जारी करने का आदेश दिया था। अदालत को बताया गया था कि ध्रुव राठी सामान्य तौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं और उस समय भारत में मौजूद थे।
शिकायतकर्ता को प्रक्रिया सर्वर के साथ जाकर समन तामील कराने की अनुमति भी दी गई थी। आरोप है कि ध्रुव राठी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद गुरुग्राम के केंद्रीय विहार स्थित उनके आवास के बाहर समन चस्पा किया गया था।
अरविंद केजरीवाल ने वीडियो रीट्वीट करने पर मांगी थी माफी
इस मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी वीडियो को रीट्वीट किया था। उन्होंने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी थी, जबकि ध्रुव राठी के खिलाफ मानहानि की कार्यवाही जारी रही। फिलहाल साकेत कोर्ट द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किए जाने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।



