लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित मॉकड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों को लेकर अहम बात कही। उन्होंने कहा कि विपत्ति कभी तिथि बताकर नहीं आती, इसलिए हर परिस्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहना जरूरी है। मुसीबत के समय सभी को एकजुट होकर उसका सामना करना होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 60 जनपदों में सिविल डिफेंस स्थापित किया जा चुका है। इसके साथ ही प्रत्येक जनपद में हेड सायरन की व्यवस्था भी मौजूद है। आज सभी जनपदों में मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों को परखना है।
मॉकड्रिल से तैयारियों की होगी परीक्षा
सीएम योगी ने कहा कि किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सही ट्रेनिंग और अनुशासन बेहद जरूरी है। आज का मॉकड्रिल हमारी तैयारियों की परीक्षा है। इससे पता चलता है कि हमारी व्यवस्था कितनी तत्पर है और किन क्षेत्रों में अभी और सुधार की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश में कोई आपदा आती है तो पुलिस, SDRF, NDRF, PAC और सिविल डिफेंस की टीमें सामने आकर जिम्मेदारी निभाती हैं।
संकट आने से पहले तैयारी जरूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का हर जिला आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब संकट आता है, तब कुआं नहीं खोदा जाता। प्यास लगने से पहले ही तैयारी करनी होती है।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि मॉकड्रिल का मकसद केवल अभ्यास करना नहीं, बल्कि आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने की क्षमता विकसित करना भी है।



