धार्मिक नगरी अयोध्या से राम मंदिर परिसर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। इसके लिए मंगलवार को राम जन्मभूमि परिसर में उम्मीदवारों के इंटरव्यू का दौर चल रहा है। इस अहम पद के लिए कई चरणों में चयन प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके तहत करीब 13 चुनिंदा उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है।
इस दौड़ में केवल प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, बल्कि सेवानिवृत्त सेना अधिकारी, सेवानिवृत्त आईएएस (IAS) और पीसीएस (PCS) अधिकारी भी शामिल हैं। उम्मीदवारों के चयन और मूल्यांकन के लिए एक 3 सदस्यीय उच्च स्तरीय चयन समिति का गठन किया गया है। इस समिति की कमान न्यायाधीश प्रमोद कोहली के हाथों में है, जबकि डॉ. सुरेश हावड़े और विष्णु कांत चतुर्वेदी इसके अन्य सदस्य हैं।
चयन समिति सभी उम्मीदवारों की योग्यता, प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता को बारीकी से परख रही है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद राम मंदिर संचालन के लिए एक मजबूत और अनुभवी नेतृत्व मिलने की उम्मीद है। इस हाई-प्रोफाइल नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी काफी चर्चा है और जल्द ही नए सीईओ के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।



