डेस्क: पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने नेहरू के लेखन और ऐतिहासिक दस्तावेजों के डिजिटल संग्रह की जानकारी साझा करते हुए इसे नेहरू की विरासत को संरक्षित करने वाला ‘कवच’ बताया। जयराम रमेश ने कहा कि यह डिजिटल आर्काइव उन लोगों के प्रयासों का मुकाबला करेगा, जो नेहरू की छवि को बदनाम करने और उनकी विरासत को कमतर दिखाने में जुटे हैं।

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि nehruarchive.in पर जवाहरलाल नेहरू के ‘सलेक्टेड वर्क्स’ के 100 खंड उपलब्ध हैं। इनमें 1903 से 1964 तक की अवधि के लेखन और दस्तावेज शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में इस डिजिटल आर्काइव पर 10 लाख से अधिक यूनिक विजिटर्स आए और 40 लाख से ज्यादा पेज व्यू दर्ज किए गए।

जयराम रमेश के मुताबिक, इस संग्रह में करीब 77 हजार पन्ने, 34 हजार से अधिक टेक्स्ट दस्तावेज और 3 हजार से ज्यादा तस्वीरें शामिल हैं। यह प्लेटफॉर्म स्मार्टफोन के अनुकूल है और यहां मौजूद सामग्री को आसानी से सर्च, मुफ्त डाउनलोड और ट्रांसलेट किया जा सकता है। इसका उपयोग आम लोगों के अलावा विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, इतिहासकारों, पत्रकारों और नेहरू के प्रशंसकों व आलोचकों द्वारा भी किया जा रहा है।

नेहरू आर्काइव का दूसरा चरण होगा और विस्तृत

जयराम रमेश ने बताया कि इस पहल का अगला चरण ‘nehruarchive@2’ होगा। इसके तहत डिजिटल संग्रह को नेहरू के सलेक्टेड वर्क्स से आगे बढ़ाया जाएगा। इसमें भारत और विदेशों के विभिन्न स्रोतों से जुटाई गई नेहरू से जुड़ी अतिरिक्त ऐतिहासिक सामग्री शामिल की जाएगी।

इस विस्तारित संग्रह में नेहरू के जीवनकाल के पत्र, तस्वीरें, दस्तावेज, किताबें, फिल्में, ऑडियो रिकॉर्डिंग और कार्टून स्केच शामिल किए जाने की योजना है। इससे शोधकर्ताओं और आम लोगों को देश के इतिहास से जुड़े अधिक व्यापक दस्तावेज उपलब्ध हो सकेंगे।

‘डिस्टोरियंस’ पर जयराम रमेश का निशाना

केंद्र सरकार पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि ‘डिस्टोरियंस’ और उनके नेतृत्वकर्ता नेहरू को बदनाम करने और उनकी आलोचना करने का काम जारी रखेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शैक्षणिक योग्यता पर तंज कसते हुए उन्हें ‘Supposed MA in Entire Political Science’ कहकर संबोधित किया।

जयराम रमेश ने कहा कि डिजिटल आर्काइव एक ‘कवच’ की तरह काम करेगा, जो नेहरू की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने, उसकी रक्षा करने और उसे आगे बढ़ाने में मदद करेगा। उन्होंने इस सामग्री को 20वीं सदी के भारत को समझने के लिए महत्वपूर्ण बताया।

1964 में हुई थी जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड की स्थापना

जयराम रमेश ने डिजिटल आर्काइव की शुरुआत और जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड के इतिहास का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि फंड के डीड ऑफ डिक्लेरेशन ऑफ ट्रस्ट पर 21 दिसंबर 1964 को हस्ताक्षर किए गए थे। उस समय के उपराष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन और प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री समेत 30 प्रतिष्ठित लोगों ने इस पर हस्ताक्षर किए थे।

उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की अपील को भी प्रभावशाली और भावुक बताया। जयराम रमेश के अनुसार, ट्रस्ट के दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने वाले लोगों के नाम और उनके हस्ताक्षर अपने आप में ऐतिहासिक महत्व रखते हैं।

नेहरू के 51 कार्टन पत्राचार को लेकर BJP ने उठाया मुद्दा

इस बीच, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने राहुल गांधी और गांधी परिवार से जवाहरलाल नेहरू के पत्राचार से जुड़े 51 कार्टन प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (PMML) को लौटाने की मांग की। केसवन का कहना है कि ये दस्तावेज देश की ऐतिहासिक और दस्तावेजी विरासत का हिस्सा हैं और इन्हें संबंधित संस्थान को वापस किया जाना चाहिए।

नेहरू के पत्राचार से जुड़े 51 कार्टन का मुद्दा बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद का विषय बना हुआ है। नेहरू जयंती के मौके पर जयराम रमेश के डिजिटल आर्काइव को लेकर दिए गए बयान और बीजेपी की ओर से उठाई गई मांग ने एक बार फिर दोनों दलों के बीच सियासी बहस को चर्चा में ला दिया है।

सपा सांसद Ramgopal Yadav का चौंकाने वाला दावा, बोले-"पेगासस के बाद नई तकनीक से जासूसी.."

शेयर करना
Exit mobile version