राजधानी दिल्ली में बारिश के बीच रविवार को बड़ा हादसा सामने आया है। साउथ कैंपस थाना क्षेत्र के सत्य निकेतन में दोपहर के वक्त एक तीन मंजिला बिल्डिंग अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे में करीब आठ लोगों के दबे होने की आशंका है।
बिल्डिंग गिरते ही मची अफरा-तफरी
सत्य निकेतन इलाके में बिल्डिंग गिरने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
1:30 बजे दमकल विभाग को मिली सूचना
जानकारी के अनुसार, दमकल विभाग को दोपहर करीब 1:30 बजे बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की टीम और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
फिलहाल मलबा हटाने और संभावित रूप से फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है। राहत-बचाव कार्य में स्थानीय लोग भी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम की मदद कर रहे हैं।
हॉस्टल में बना था लड़कों का PG
शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस इमारत का हिस्सा ढहा, उसमें लड़कों का PG/हॉस्टल संचालित था। मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू टीमों की कार्रवाई जारी है।
फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और बचाव दल की कार्रवाई के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।



