संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा बहजोई थाना क्षेत्र में हुआ, जहां मौरंग-बालू से लदे एक डंपर ने ऑटो को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय ऑटो में कई लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर ट्राईसाइकिल से जा रहे एक दिव्यांग व्यक्ति को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित हुआ और इसी दौरान मौरंग-बालू लदे डंपर की चपेट में आ गया। डंपर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 3-3 साल के दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में घायल दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।



