मिर्जापुर: जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई पहाड़ी पर शनिवार दोपहर क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के कंपन से एक स्ट्रक्चर धराशायी हो गया। हादसे के दौरान पास में ताश खेल रहे चार मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। जेसीबी की मदद से सभी मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। चारों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ब्लास्टिंग के कंपन से धराशायी हुआ स्ट्रक्चर
एएसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा के मुताबिक, भगवती देवी में क्रशर प्लांट है, जहां प्रतिदिन पत्थर तोड़ने के लिए दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच ब्लास्टिंग की जाती है। शनिवार को भी इसी समय ब्लास्टिंग की गई।
उन्होंने बताया कि क्रशर प्लांट में एक स्ट्रक्चर बना हुआ था, जिसकी नींव में बारिश का पानी जाने से वह कमजोर हो गया था। ब्लास्टिंग के कंपन के कारण स्ट्रक्चर अचानक धराशायी हो गया और पास में ताश खेल रहे चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
जेसीबी से मलबे से निकाले गए चारों मजदूर
हादसे के बाद जेसीबी की मदद से चारों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेजा गया है। एएसपी ऑपरेशन ने बताया कि चारों मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।
मौत की सूचना को प्रशासन ने नहीं किया पुष्ट
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मलबे से निकाले गए चार लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक सभी चारों मजदूरों को अस्पताल भेजा गया है और उनका इलाज कराया जा रहा है।
सोनभद्र के रहने वाले हैं चारों मजदूर
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल चारों मजदूर सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बाद गांव के रहने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल में जुट गई है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



