अभिनेत्री पूनम पांडे एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इरोटिक कंटेंट और वेश्यावृत्ति को लेकर अपनी राय रखते हुए उन्होंने कहा कि भारत में वेश्यावृत्ति को कानूनी मान्यता मिलने से अपराध दर कम हो सकती है और महिलाओं को भी इसका फायदा मिल सकता है।
RVCJ Movies के साथ बातचीत में पूनम ने अपने इरोटिक वीडियो को ‘समाज सेवा’ बताया। उनका कहना था कि तनाव से जूझ रहे पुरुषों को उनके वीडियो सुकून देने में मदद कर सकते हैं।
इरोटिक वीडियो को लेकर क्या बोलीं पूनम?
पूनम पांडे ने कहा कि आज बड़ी संख्या में लोग तनाव में हैं और अगर उनका कोई वीडियो किसी व्यक्ति को शांत होने में मदद करता है तो इसमें परेशानी क्या है। इसी दौरान उन्होंने भारत में वेश्यावृत्ति को कानूनी मान्यता देने की बात कही।
अभिनेत्री का दावा था कि इससे अपराध दर में कमी आ सकती है, खासकर महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में।
ट्रोलिंग पर भी खुलकर बोलीं एक्ट्रेस
पूनम ने अपने कंटेंट को लेकर होने वाली आलोचना और ट्रोलिंग पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि उनके दोस्त उनके वीडियो का आनंद लेते हैं, लेकिन कई बार उनका मजाक भी उड़ाते हैं।
अभिनेत्री के मुताबिक, कई बार उन्हें ट्रोलर्स को जवाब देने का मन करता है। हालांकि, वह गालियों का सहारा लेने से खुद को रोकती हैं। उनका कहना है कि उनके कुछ व्यक्तिगत ‘स्टैंडर्ड्स’ हैं, जिनसे वह नीचे नहीं गिरना चाहतीं।
बॉयफ्रेंड के साथ तस्वीरों को लेकर भी हुईं ट्रोल
हाल ही में पूनम पांडे ने सोशल मीडिया पर एक अनजान व्यक्ति के साथ कुछ रोमांटिक तस्वीरें शेयर की थीं। तस्वीरों में उन्होंने उस व्यक्ति का चेहरा नहीं दिखाया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इन तस्वीरों को पब्लिसिटी स्टंट बताया और अभिनेत्री को ट्रोल किया।
बेबी बंप की तस्वीरों ने भी खींचा था ध्यान
इससे पहले अप्रैल में पूनम ने ऐसी तस्वीरें पोस्ट की थीं, जिनमें वह बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आई थीं। हालांकि, बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अप्रैल फूल प्रैंक था। इस मामले को लेकर भी उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
‘नकली मौत’ वाले स्टंट पर भी हुआ था विवाद
पूनम पांडे वर्ष 2024 में अपनी ‘मौत’ की खबर को लेकर भी सुर्खियों में आई थीं। बाद में उन्होंने बताया था कि सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए उन्होंने मौत का नाटक किया था।
इस पूरे मामले के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था और उनके इस कदम की काफी आलोचना हुई थी।



