जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से शनिवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। पायल देवी नाम की युवती ने अपने पिता कृष्ण लाल को फोन किया और आखिरी बातचीत में ‘बाय-बाय पापा’ कहने के बाद चिनाब नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मेले से लौटते वक्त क्या हुआ?
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन पायल गांव में आयोजित स्थानीय मेले में गई थी। इसके बाद उसने अपने पिता को फोन कर तबीयत खराब होने और डॉक्टर को दिखाने की बात कही। डॉक्टर के न मिलने पर वह वापस लौट रही थी और इस दौरान एक बाइक पर सवार हुई।
कुछ देर बाद बाइक पर साथ मौजूद व्यक्ति ने पायल के पिता को फोन कर बताया कि वह अचानक चिनाब नदी की तरफ भागी है। इसके बाद पिता ने बेटी से फोन पर बात की और उससे पूछा कि आखिर क्या हुआ है और क्या किसी ने उसे परेशान किया है।
पिता से फोन पर कही ये बात
परिजनों के अनुसार, पायल ने पिता के सवाल पर कहा कि किसी ने उसे परेशान नहीं किया है। उसने कहा कि यह उसकी अपनी जिंदगी है और उसका दिल कह रहा है कि उसे इसी रास्ते जाना चाहिए।
इसके बाद पायल ने फोन पर अपने पिता से ‘बाय-बाय पापा’ कहा और कॉल कट गया।
शिवा दाल पुल के पास नदी में छलांग
बताया गया कि प्रेम नगर के पास शिवा दाल पुल के करीब दोपहर लगभग 2 बजे पायल ने चिनाब नदी में छलांग लगा दी। घटना से ठीक पहले बनाए गए उसके एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी बात सामने आई है।
चिनाब नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम सक्रिय हुई। युवती की तलाश के लिए चिनाब नदी में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। मामले को लेकर इलाके में शोक का माहौल है।



