लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया है। लंबे समय से अपने नतीजों का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म हो गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए प्रदेश में होमगार्ड के कुल 41,424 रिक्त पदों को भरा जाना है, जिसके मुकाबले लिखित परीक्षा में रिकॉर्ड संख्या में उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन इसी साल 25, 26 और 27 अप्रैल को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया था। जारी किए गए आधिकारिक नतीजों के मुताबिक, कुल 41,424 पदों के सापेक्ष 1.07 लाख (1,07,000) अभ्यर्थियों को आगामी चरण के लिए शॉर्टलिस्ट यानी पास घोषित किया गया है। पदों की संख्या के मुकाबले करीब ढाई गुना उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है, जिससे अंतिम चयन के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है।
आगे की प्रक्रिया: डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट
लिखित परीक्षा में सफलता झंडा गाड़ने वाले इन 1.07 लाख अभ्यर्थियों को अब चयन प्रक्रिया के अगले और बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव से गुजरना होगा। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सफल कैंडिडेट्स के लिए सबसे पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (अभिलखों की जांच) का आयोजन किया जाएगा। इसमें उम्मीदवारों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आयु सीमा, जाति प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में सही पाए जाने वाले अभ्यर्थियों को ही अगले चरण यानी फिजिकल टेस्ट (शारीरिक दक्षता परीक्षा) के लिए बुलाया जाएगा। फिजिकल टेस्ट में दौड़, लंबाई और सीने की माप (पुरुष अभ्यर्थियों के लिए) जैसे कड़े मानक शामिल होंगे। विभाग जल्द ही डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की तारीखों और केंद्रों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगा। सफल अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी मूल दस्तावेज तैयार रखें और शारीरिक तैयारी शुरू कर दें।












