उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं और बेटियों को केंद्र में रखते हुए कई बड़े वादे किए हैं। उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और योजनाओं का खाका पेश किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी और सपा सांसद डिंपल यादव की भूमिका को लेकर भी संकेत दिए, हालांकि उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
डिंपल यादव को CM फेस बनाए जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि लोग इसी सवाल में उलझे हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक अंग्रेजी अखबार में सीएम योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि से जोड़कर लिखा गया है, लेकिन डिंपल यादव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश की प्रगति महिलाओं की तरक्की के बिना संभव नहीं है। समाजवादी पार्टी महिलाओं को सुरक्षित, स्वतंत्र और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए काम करेगी। उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी अपने आगामी घोषणापत्र में ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को शामिल करेगी। इस योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का वादा किया गया है, साथ ही उन्होंने कहा कि यह राशि समय के साथ बढ़ाई भी जाएगी।
सपा प्रमुख ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता होगी और आधी आबादी को पूरी आजादी दिलाने का संकल्प लिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय शुरू की गई पेंशन योजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इंटरमीडिएट पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप देने की योजना भी लागू करने की बात कही गई।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी के लिए नारी केवल एक नारा है। उन्होंने महिला आरक्षण कानून लागू करने की मांग दोहराई और कहा कि जब बीजेपी के नेता नारी वंदन की बात करें तो उन्हें हाथरस की घटना याद करनी चाहिए। उन्होंने खुशी दुबे मामले का भी जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा।
PDA को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रगतिशील सोच रखने वाली पार्टी है और परिस्थितियों के अनुसार लोगों को जोड़ने का काम करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी जोड़ने वाली राजनीति में विश्वास रखती है। इस दौरान उन्होंने PDA का अलग अर्थ बताते हुए P को ‘प्रोस्टेट’ से जोड़कर टिप्पणी की और तंज करते हुए कहा कि कुछ लोगों के लिए PDA का मतलब ‘पेट में दर्द’ भी हो सकता है।













