उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मानकनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कनौसी पुल के पास नहर के रेगुलेटर में दो अज्ञात पुरुषों के शव फंसे हुए मिले। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी मिलते ही मानकनगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल दोनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्राथमिक आकलन के आधार पर एक मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष और दूसरे युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है। जांच के दौरान 20 वर्षीय युवक के दाहिने हाथ पर “महाकाल” का टैटू बना हुआ मिला है। पुलिस इस टैटू को अहम सुराग मानते हुए आसपास के इलाकों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान कर युवक की पहचान स्थापित करने के प्रयास में जुटी है।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और अग्रिम कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया है। मानकनगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विधिक कार्रवाई जारी है।












