झांसी। जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज डेढ़ महीने के भीतर ही पति ने अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ घर में रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी। आरोप है कि पति ने मौके पर ही पत्नी की उसके प्रेमी से शादी करवा दी और अब दोनों को जेल भेजने की मांग कर रहा है।
कैसे हुआ पूरे मामले का खुलासा?
पीड़ित पति का कहना है कि उसकी पत्नी रात में उसे नींद की गोलियां देकर अपने प्रेमी से घंटों बातचीत करती थी। इसी बीच उसके मामा का एक्सीडेंट हो गया और वह पत्नी को घर छोड़कर अस्पताल चला गया। महिला को लगा कि पति को लौटने में देर होगी, इसलिए उसने अपने प्रेमी को ससुराल के घर ही बुला लिया। दोनों एक कमरे में थे। इसी दौरान पति अचानक घर लौट आया। गेट अंदर से बंद देख उसे शक हुआ और वह छत के रास्ते घर में घुसा। अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। आरोप है कि पत्नी और प्रेमी दोनों कमरे में आपत्तिजनक हालत में मौजूद थे।
दोनों ने किया धक्का-मुक्की और हमला
पति का आरोप है कि उसे देखते ही दोनों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और हमला भी किया। वह किसी तरह गेट खोलकर बाहर निकला और शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और उसे बचाया। इसके बाद पति ने पुलिस को सूचना दी और पत्नी व प्रेमी को पुलिस के हवाले कर दिया।
पति ने खुद करवाई पत्नी की प्रेमी से शादी
घटना के बाद पति ने मौके पर ही प्रेमी से अपनी पत्नी की मांग में सिंदूर भरवाया और दोनों की शादी करवा दी। इस दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पति का आरोप है कि घर से जेवर भी गायब हैं और उसके पास कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। वह एसएसपी कार्यालय पहुंचकर दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और जेल भेजने की मांग कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












