लखनऊ: जिंदगी जब सबसे कठिन इम्तिहान लेती है, तो या तो इंसान बिखर जाता है या फिर निखर कर एक मिसाल बन जाता है। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात मिथिला चतुर्वेदी की जीवन यात्रा संघर्ष, त्याग और अटूट हौसले की एक ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है, जो हर किसी की आंखें नम कर देती है।

साल 1988 में मिथिला की शादी एक पुलिस कांस्टेबल से हुई थी। आंखों में नए जीवन के सपने थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। शादी के महज 9 दिन बाद ही एक हादसे में उनके पति का निधन हो गया। पल भर में खुशियों का संसार उजड़ गया। इस असहनीय दुख के बीच मिथिला ने खुद को संभाला और साल 1989 में मृतक आश्रित कोटे के तहत कांस्टेबल के पद पर पुलिस विभाग ज्वाइन किया।

एक साधारण कांस्टेबल के रूप में शुरू हुआ यह सफर आसान नहीं था, लेकिन मिथिला ने अपनी ईमानदारी, अनुशासन और कड़ी मेहनत से हर चुनौती को पार किया। 37 वर्षों की लंबी और बेदाग सेवा के बाद, प्रमोशन पाकर वह डिप्टी एसपी (DSP) के पद तक पहुंच गईं।

लखनऊ स्थित सीआईडी मुख्यालय में जब डीजी सीआईडी ने उनके कंधों पर डीएसपी का बैज लगाया, तो 37 साल का वह सारा संघर्ष उनकी आंखों के सामने घूम गया और वह खुद को रोक न सकीं। उनकी आंखों से बहते खुशी के आंसू इस बात की गवाही दे रहे थे कि सच्ची लगन और हिम्मत से जीवन की बड़ी से बड़ी त्रासदी को भी जीत में बदला जा सकता है।

Virendra Singh से सुनिए-दिल्ली में सपा कांग्रेस गठबंधन की बैठक,नतीजा तय है

शेयर करना
Exit mobile version