दिल्ली से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बहुचर्चित IRCTC घोटाला मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने तीनों नेताओं द्वारा दायर उन याचिकाओं को खारिज कर दिया है, जिनमें ट्रायल कोर्ट के आरोप तय करने के आदेश को चुनौती दी गई थी।
न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए ट्रायल कोर्ट के आदेश में किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया और आरोप तय करने के निर्णय को पूरी तरह बरकरार रखा। इसके साथ ही अदालत ने इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की याचिकाओं को भी खारिज कर दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले राउज एवेन्यू स्थित विशेष अदालत ने 13 अक्टूबर 2025 को लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत कुल 14 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी (IPC धारा 420), आपराधिक साजिश (धारा 120B) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया था।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के इस मामले में आरोप है कि लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान रांची और पुरी स्थित रेलवे के होटलों के टेंडर और जमीन के सौदों में अनियमितता बरती गई थी। अब दिल्ली हाई कोर्ट से याचिकाएं खारिज होने के बाद लालू परिवार की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं और निचली अदालत में इस मामले का मुकदमा (ट्रायल) आगे जारी रहेगा।













