गुजरात में सड़क हादसों की दो दर्दनाक घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। कच्छ जिले में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार सवार 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें महज तीन महीने की बच्ची भी थी। वहीं, जूनागढ़ में एक तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे पत्थर से टकराने के बाद आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
कच्छ में ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्कर
कच्छ जिले में शनिवार (21 नवंबर) रात करीब 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद कार से भुज लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में तीन महीने की बच्ची भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे। उनका संबंध भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से था। मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है।
इसके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी हादसे में मौत हो गई।
कार में फंसे शवों को निकालने में लगे कई घंटे
हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसमें फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने सभी मृतकों की पहचान कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
जूनागढ़ में कार में आग लगने से तीन की मौत
दूसरी घटना जूनागढ़ जिले में रविवार (22 नवंबर) सुबह करीब पांच बजे हुई। केशोद-बालागाम रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पड़े पत्थर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई।
केशोद पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक एमडी चौधरी के मुताबिक, हादसे के समय कार में कुल चार लोग सवार थे। इनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
तेज रफ्तार को हादसे की शुरुआती वजह माना जा रहा
पुलिस के अनुसार, जूनागढ़ हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान कर ली गई है। शुरुआती जांच में कार की तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।













