करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ओर से बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘EPFO 3.0’ के तहत जल्द ही UPI के जरिए प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा निकालने की सुविधा शुरू होने जा रही है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद सब्सक्राइबर्स को क्लेम सेटलमेंट के लिए हफ्तों इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वे ATM की तरह कुछ ही मिनटों में सीधे अपने बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कर सकेंगे। बताया जा रहा है कि EPFO 3.0 के सभी ट्रायल पूरे हो चुके हैं और दिसंबर के अंत तक इस सुविधा को शुरू करने की तैयारी है।
यह नई सुविधा सदस्य के यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) और UPI अकाउंट से जुड़ी होगी, जिसका लाभ केवल उन्हीं सदस्यों को मिलेगा जिनका वेरिफाइड बैंक अकाउंट EPFO खाते से लिंक होगा। निकासी सीमा की बात करें तो पहले EPF फंड का 75 प्रतिशत हिस्सा निकालने की अनुमति की चर्चा थी, लेकिन हाल ही में 19 नवंबर को हुई बोर्ड मीटिंग में अनिवार्य न्यूनतम बैलेंस की शर्त को 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। ऐसे में आंशिक निकासी (Partial Withdrawal) की सीमा बढ़कर 90 प्रतिशत तक हो सकती है, हालांकि इस पर अंतिम आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
इसके अलावा EPFO ने आंशिक निकासी के 13 पुराने नियमों को सरल बनाते हुए तीन मुख्य श्रेणियों में बांट दिया है—पहली ‘जरूरी जरूरतें’ (बीमारी, शिक्षा और शादी), दूसरी ‘आवास संबंधी जरूरतें’ (घर खरीदना, बनाना या होम लोन चुकाना) और तीसरी ‘विशेष परिस्थितियां’ (बेरोजगारी या आपात स्थिति)। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए सब्सक्राइबर्स को अपना UAN एक्टिव रखने, आधार व पैन की KYC पूरी करने तथा सही IFSC कोड के साथ बैंक अकाउंट वेरिफाइड रखने की सलाह दी गई है।













