उत्तर प्रदेश के कानपुर में मेफेड्रोन ड्रग्स तस्करी के मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नेपाल और बहराइच के रास्ते ट्रेनों से बड़े पैमाने पर ड्रग्स कानपुर लाई जा रही थी। पिछले छह महीने में करीब 25 करोड़ रुपये की ड्रग्स शहर पहुंचने की जानकारी मिली है। कर्नलगंज और बाबूपुरवा में बैठे सप्लायर इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। यहां से कोकीन, मेफेड्रोन, गांजा, चरस और हेरोइन की सप्लाई यूपी, बिहार, कोलकाता और मुंबई समेत कई शहरों में की जा रही थी।
7.50 करोड़ की मेफेड्रोन के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
उरई में गुलाब जल की आड़ में संचालित मेफेड्रोन ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद फजलगंज पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें कर्नलगंज निवासी नजीमुद्दीन, बाबूपुरवा निवासी रिजवान, शाहजहांपुर के हाजिद अली उर्फ साहिल, फर्रुखाबाद निवासी रेहान कुरैशी और रिषभ कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 750 ग्राम मेफेड्रोन बरामद की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 7.50 करोड़ रुपये बताई गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को तस्करी के बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली।
कर्नलगंज और बाबूपुरवा से संचालित हो रहा था सिंडिकेट
पुलिस जांच में सामने आया कि ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क कर्नलगंज के गम्मू खां का हाता और बाबूपुरवा से संचालित हो रहा था। यहां बैठे सप्लायर अपने गुर्गों के जरिए दूसरे राज्यों में ड्रग्स की सप्लाई कराते थे।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, कर्नलगंज ड्रग्स सप्लाई का बड़ा केंद्र बन चुका था। यहां बाहर से ड्रग्स लाकर अलग-अलग राज्यों में भेजी जाती थी। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े कई लोगों की पहचान की है।
नेपाल और बहराइच के रास्ते कानपुर पहुंचती थी ड्रग्स
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, गिरोह नेपाल और बहराइच के रास्ते ड्रग्स की खेप कानपुर लाता था। इसके बाद ट्रेनों के जरिए दूसरे राज्यों में सप्लाई की जाती थी। पुलिस को जानकारी मिली है कि पिछले छह महीने में करीब 25 करोड़ रुपये की ड्रग्स कानपुर पहुंची है।
गिरोह के सदस्य पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग राज्यों के बड़े होटलों में ठहरते थे, जिससे उनकी गतिविधियों पर आसानी से शक नहीं होता था।
डिलीवरी करने वाले गुर्गों को भी नहीं होती थी ड्रग्स की जानकारी
तस्करी के इस नेटवर्क में अरबाज और हसीन बाबूपुरवा, मछरिया और कर्नलगंज के युवकों को शामिल करते थे। इन युवकों के जरिए बाइक, कार, रोडवेज बस और ट्रेनों से ड्रग्स की डिलीवरी कराई जाती थी।
खास बात यह थी कि डिलीवरी करने वाले युवकों को भी जानकारी नहीं दी जाती थी कि वे कौन-सी ड्रग्स लेकर जा रहे हैं। इससे पकड़े जाने की स्थिति में पूरे नेटवर्क की जानकारी सामने आने का खतरा कम रहता था।
मुंबई तक फैला नेटवर्क, सरगना समेत कई आरोपी फरार
पुलिस इस नेटवर्क के कथित सरगना मुंबई के धारावी निवासी खय्यामुद्दीन उर्फ खय्याम सैय्यद की तलाश कर रही है। इसके अलावा अरबाज कट्टा, हसीन बाबू, दानिश और शैलू उर्फ शालू बाबा भी पुलिस की तलाश में हैं।
जांच में सामने आया कि खय्याम 28 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ बाबूपुरवा में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। पुलिस को रिजवान के मोबाइल फोन में खय्याम की यात्रा से जुड़ा टिकट भी मिला है।
ट्रेन से मुंबई जा रहे चार अन्य तस्करों की भी तलाश
पुलिस को अब चार अन्य तस्करों की जानकारी मिली है, जो 20 से 25 करोड़ रुपये की ड्रग्स लेकर ट्रेन से मुंबई जा रहे थे। पुलिस इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग्स की सप्लाई के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस गुरुवार को इस पूरे सिंडिकेट का खुलासा कर सकती है।













