उत्तर प्रदेश के महोबा में समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद की पत्नी हीरा देवी के बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित मजदूर सम्मेलन में हीरा देवी ने ‘मिले मुलायम-कांशीराम, हवा में उड़ गए जय श्रीराम’ नारे का जिक्र किया। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई है। वहीं, सपा जिलाध्यक्ष ने भी इस टिप्पणी से किनारा कर लिया है।
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित हुआ था कार्यक्रम
दरअसल, महोबा जिले के कबरई में समाजवादी पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर मजदूर सम्मेलन और PDA चौपाल का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में सदर विधानसभा सीट से सपा के प्रबल दावेदार पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद और उनकी पत्नी हीरा देवी भी शामिल हुई थीं।
हीरा देवी के बयान से शुरू हुआ विवाद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हीरा देवी ने भगवान श्रीराम से जुड़े पुराने राजनीतिक नारे का जिक्र किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा- ‘मिले मुलायम-कांशीराम, हवा में उड़ गए जय श्रीराम।’
उनकी इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई और बीजेपी नेताओं ने इस बयान को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधना शुरू कर दिया।
बीजेपी नेता ने जताई कड़ी आपत्ति
बीजेपी नेता नीरज रावत ने हीरा देवी के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस टिप्पणी को स्तरहीन बताते हुए कहा कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
नीरज रावत ने कहा कि एक तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम की पूजा करने की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ पार्टी से जुड़ी नेता इस तरह की टिप्पणी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महोबा की जनता इस बयान को स्वीकार नहीं करेगी।
सपा जिलाध्यक्ष ने बयान से किया किनारा
वहीं, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव ने हीरा देवी की टिप्पणी से दूरी बना ली है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और सभी को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हीरा देवी ने बीएसपी शासनकाल के पुराने नारे का जिक्र किया था, लेकिन इस तरह की टिप्पणी का कोई औचित्य नहीं था। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं को समाजवादी विचारधारा और सिद्धांतों के अनुरूप ही बयान देना चाहिए।
बयान के बाद जिले में सियासी हलचल तेज
हीरा देवी के बयान के बाद महोबा में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। बीजेपी ने जहां इस टिप्पणी को लेकर समाजवादी पार्टी को घेरा है, वहीं सपा जिलाध्यक्ष ने भी बयान को उचित नहीं ठहराया है। फिलहाल यह मामला जिले की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है।










