पोखरण (राजस्थान) : भारत की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने बड़ी उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है। कंपनी ने राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में अपने नए बघीरा AT1 एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल (ATGM) सिस्टम का सफल प्रदर्शन किया। इस दौरान चार एंटी-टैंक मिसाइलों का सफल परीक्षण किया गया। 20 नवंबर को आयोजित इस प्रदर्शन को भारतीय सेना, डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने देखा।
कंपनी के मुताबिक, इस प्रदर्शन में दिन और रात के समय लक्ष्य पर निशाना साधने की क्षमता का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही आर्मर्ड वाहन को निशाना बनाने और लंबी दूरी पर हवाई लक्ष्य को एंगेज करने की क्षमता का भी प्रदर्शन किया गया। परीक्षण के बाद पूरे सिस्टम का स्टैटिक डिस्प्ले किया गया।
18 महीने में तैयार हुआ बघीरा AT1 सिस्टम
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अनुसार, बघीरा AT1 को भारतीय सेना की परिचालन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 18 महीने के डिजाइन और डेवलपमेंट के बाद तैयार किया गया है। इसे भारतीय भूभाग, मौसम और सैन्य परिस्थितियों के अनुकूल बनाया गया है। यह एक वाहन आधारित एंटी-टैंक मिसाइल सिस्टम है, जिसमें मिसाइल, ऑटोमेटेड लॉन्चर और दिन-रात काम करने वाले आधुनिक साइट्स शामिल हैं। इसे कंपनी के डिजाइन किए गए 4×4 हाई-मोबिलिटी आर्मर्ड व्हीकल पर लगाया गया है।
कंपनी का दावा है कि यह सिस्टम लेजर बीम आधारित गाइडेंस तकनीक से लैस है, जो इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग के प्रति बेहतर प्रतिरोध क्षमता प्रदान करती है। इसकी घोषित एंगेजमेंट रेंज 8 किलोमीटर तक है।

भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता को मिलेगी मजबूती
बघीरा AT1 का विकास ऐसे समय में हुआ है, जब भारत अपने रक्षा उत्पादन और स्वदेशी सैन्य तकनीक को बढ़ावा देने पर जोर दे रहा है। कंपनी का कहना है कि इस परियोजना से एडवांस्ड एंटी-टैंक सिस्टम के डिजाइन, निर्माण, इंटीग्रेशन और रखरखाव में घरेलू क्षमता विकसित होगी।
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के मुताबिक, यह सिस्टम भारतीय सशस्त्र बलों को मूल्यांकन के लिए उपलब्ध कराया गया है। इसका उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में घरेलू निर्माण क्षमता को मजबूत करना और आपातकालीन आयात पर निर्भरता कम करना है।
यह प्रदर्शन भारत के निजी रक्षा उद्योग की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है। अब देश में आधुनिक रक्षा प्रणालियों के विकास और निर्माण में निजी कंपनियां भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।















