लखनऊ: टाउन हॉल विद्यालय समूह का वार्षिकोत्सव ‘उड़ान – From Roots to Wings’ 21 नवंबर 2026 को भातखंडे स्थित कलामंडपम, कैसरबाग में बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक मंच सज्जा और दर्शकों की तालियों के बीच विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य श्री उमेश द्विवेदी, राज्य निर्वाचन आयोग, लखनऊ के निर्वाचन विषयक श्री धीरेंद्रनाथ पांडे तथा उत्तर प्रदेश सचिवालय के गन्ना एवं उद्योग विभाग में उप सचिव श्री अजय कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
नृत्य-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। हर प्रस्तुति में बच्चों का उत्साह, आत्मविश्वास और तैयारी देखने लायक रही। पारंपरिक रंगों से लेकर आधुनिक प्रस्तुतियों तक विद्यार्थियों ने मंच पर ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने उनकी रचनात्मकता, प्रतिभा और मेहनत को बखूबी प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथियों ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और लगातार सीखने की इच्छा जीवन में सफलता हासिल करने के लिए बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, निरंतर मेहनत करने और मिलने वाले हर अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए मंच उपलब्ध कराने की दिशा में विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
‘अपनी जड़ों से जुड़े रहकर नए आसमान छूने’ का संदेश
वार्षिकोत्सव ‘उड़ान’ की खासियत यह रही कि इसने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सपनों को नए पंख देने का अवसर प्रदान किया। समारोह के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हर बच्चे में कुछ खास करने की क्षमता होती है। जरूरत है उसकी प्रतिभा को पहचानने, उसका हौसला बढ़ाने और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर देने की। अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए नए आसमान छूने का संदेश देने वाला यह वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव बन गया।













