नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर अपनी फिरकी से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को चकमा देने वाले भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अब सियासत की पिच पर कदम रख दिया है। खास बात यह है कि एक एक्टिव क्रिकेटर रहते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण की है। पार्टी में शामिल होते ही संगठन ने उन पर भरोसा जताया है और उन्हें बीजेपी के नवनिर्मित ‘राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा’ की राष्ट्रीय कार्यसमिति में ‘विशेष आमंत्रित सदस्य’ (स्पेशल इनवाइटी) के तौर पर नियुक्त किया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने युजवेंद्र चहल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस सियासी कदम से पहले चहल ने बीजेपी ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से खास मुलाकात की थी, जिसके बाद से ही उनके राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई थीं। पार्टी ने राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी में देश के अलग-अलग राज्यों से कई चेहरों को संगठन की कमान सौंपी है। इस सूची में युजवेंद्र चहल को दिल्ली प्रदेश कोटे से विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में स्थान दिया गया है।
गौरतलब है कि युजवेंद्र चहल ने कुछ समय पहले ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था, लेकिन वह सीमित ओवरों के प्रारूप यानी वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने के लिए पूरी तरह उपलब्ध हैं। खेल और राजनीति के बीच संतुलन साधने का उनका यह फैसला चर्चा का विषय बना हुआ है। समर्थकों को उम्मीद है कि जिस तरह चहल ने क्रिकेट के मैदान में देश का मान बढ़ाया है, उसी तरह सामाजिक और राजनीतिक मंच पर भी वे अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।













