चलती ट्रेन में एक महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी है। वीडियो में वर्दी पहने एक सिपाही महिला को थप्पड़ मारते और धक्का देकर नीचे गिराते हुए दिखाई दे रहा है। घटना 18 नवंबर 2026 की शाम दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस (15211) की बताई जा रही है। उस समय ट्रेन मुरादाबाद से नजीबाबाद के बीच सफर कर रही थी। मामला बिजनौर जिले के नजीबाबाद के पास का बताया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर संबंधित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
छठ पूजा के बाद बेटियों के साथ घर लौट रही थी महिला
महिला की पहचान बिहार निवासी रूबी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह छठ पूजा मनाने के बाद अपनी तीन बेटियों के साथ घर लौट रही थीं। यात्रियों के मुताबिक, ट्रेन में सीट को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान एक सिपाही ने रूबी देवी की बेटी के साथ बदसलूकी की। महिला ने इसका विरोध किया तो कहासुनी बढ़ गई।
विरोध करने पर थप्पड़ मारने और धक्का देने का आरोप
यात्रियों ने जीआरपी सिपाही ललित सागर और अजय कुमार पर रूबी देवी और उनकी बेटियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि महिला ने सिपाही की हरकतों का विरोध किया तो उनके साथ जबरदस्ती की गई और घटना का वीडियो भी बनाया गया।
पत्रकार सचिन गुप्ता ने भी इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसमें एक सिपाही महिला को थप्पड़ मारते और धक्का देकर नीचे गिराते नजर आ रहा है।
महिला के सिर और माथे पर आई चोट
रिपोर्ट के मुताबिक, मारपीट के दौरान रूबी देवी के सिर और माथे पर चोट लगी, जिससे खून निकलने लगा। वह कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गईं। इसके बाद ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने उनकी मदद की।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर लोग घटना की निंदा करते हुए संबंधित सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













