किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई। मध्य पूर्व में तनाव और संघर्ष के बाद दोनों शीर्ष नेताओं के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात है। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, व्यापारिक संबंधों और होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी नाकेबंदी जैसे संवेदनशील वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना व्यक्त की गई है।
बिश्केक रवाना होने से पहले ईरानी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया था कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन किसी भी आक्रामकता का माकूल जवाब देगा। सम्मेलन के इतर पीएम मोदी ने आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान से भी मुलाकात की, जहां रक्षा, फार्मा, तकनीक और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
इसके साथ ही पीएम मोदी की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी द्विपक्षीय बातचीत प्रस्तावित है। किर्गिज राष्ट्रपति सादिर जापारोव के विशेष निमंत्रण पर प्रधानमंत्री ‘विश्व नोमैड गेम्स’ के उद्घाटन समारोह में भी शिरकत करेंगे। भारत में ईरानी दूतावास ने इस मुलाकात की पुष्टि करते हुए दोनों देशों के मजबूत संबंधों को रेखांकित किया है।














