मेरठ: मेरठ कैंट विधानसभा की मतदाता सूची में कथित डुप्लीकेट वोटर्स का मामला सामने आया है। यहां एक ही वोटर के नाम पर 5-5 वोट दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के नाम की दो और तीन बार एंट्री होने के मामले भी सैकड़ों में बताए जा रहे हैं।
मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि अलग-अलग बूथों पर दर्ज वोटर्स के नाम, वल्दियत और उम्र तक एक समान हैं। सामान्य प्रचलन वाले नामों के वोटर्स की भी तीन-तीन एंट्री दर्ज होने की बात सामने आई है। वहीं, कुछ यूनिक नाम वाले वोटर्स के नाम एक ही बूथ पर पांच-पांच बार दर्ज होने का दावा किया गया है।
इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग का रुख किया है। सपा हाईकमान की ओर से राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत की गई है। वहीं, सपा नेता रविन्द्र प्रेमी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से भी मामले की शिकायत की है।
अब इस मामले ने मतदाता सूची की शुद्धता और डुप्लीकेट एंट्री की जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत के बाद निगाहें निर्वाचन विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।













