कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र स्थित मोरवन गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रात के समय घर पर सोते हुए एक मां और उसकी बेटी पर एसिड अटैक किया गया। इस हमले में गंभीर रूप से झुलसी काजल (20) की इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई, जबकि उसकी मां लीलावती (55) की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी के अनुसार, रात के समय मां-बेटी छत पर सो रहे थे, जबकि पिता प्रभुनाथ बाहर बरामदे में सो रहे थे। अचानक एसिड अटैक की घटना के बाद काजल और उसकी मां लीलावती जोर-जोर से चिल्लाए, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां काजल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
गोरखपुर के DIG और SP मौके पर पहुंचे और घटना की गहनता से जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक टीम गठित कर हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए काम शुरू कर दिया है। इस घटना ने गांव में दहशत का माहौल बना दिया है, और लोग इस सनसनीखेज हमले से हैरान हैं। पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है और घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।













