हैदराबाद। तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (US Consulate) से सटी सड़क का नाम बदलकर ‘Donald Trump Avenue’ कर दिया है। मंगलवार को आयोजित अमेरिका की स्वतंत्रता के 250वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘Freedom 250’ कार्यक्रम के दौरान अमेरिका के भारत में राजदूत Sergio Gor और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री Mallu Bhatti Vikramarka ने संयुक्त रूप से इस सड़क के नए नाम की पट्टिका का अनावरण किया।
कार्यक्रम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री Revanth Reddy, हैदराबाद में अमेरिकी महावाणिज्यदूत Laura Williams सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत, रक्षा, एयरोस्पेस और तकनीकी क्षेत्र के प्रतिनिधि मौजूद रहे। तेलंगाना सरकार ने इस नामकरण को भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने और हैदराबाद की बढ़ती वैश्विक भूमिका का प्रतीक बताया है।
हालांकि इस फैसले के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर कई सवाल उठने लगे हैं। विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर सड़क का नामकरण कई सवाल खड़े करता है। लोगों का तर्क है कि जो कदम देश में भाजपा शासित राज्यों ने भी नहीं उठाया, वह कांग्रेस सरकार ने क्यों उठाया?
सोशल मीडिया पर यह बहस भी तेज है कि डोनाल्ड ट्रंप का हैदराबाद और तेलंगाना के विकास में प्रत्यक्ष योगदान क्या रहा है। खासकर H-1B वीजा, अमेरिकी इमिग्रेशन नीतियों और अमेरिका में काम करने वाले भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स की चिंताओं के बीच इस फैसले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कई यूजर्स यह भी सवाल उठा रहे हैं कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अक्सर डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के आलोचक रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस सरकार द्वारा ट्रंप के नाम पर सड़क का नामकरण क्या कोई कूटनीतिक संदेश है या फिर भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा?
कार्यक्रम में अमेरिकी राजदूत Sergio Gor ने तेलंगाना सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह नामकरण अमेरिका और भारत के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक है। वहीं उपमुख्यमंत्री विक्रमार्का ने कहा कि हैदराबाद भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को मजबूत करने वाले प्रमुख शहरों में से एक बन चुका है।
फिलहाल ‘Donald Trump Avenue’ के नामकरण को लेकर राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर बहस जारी है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज हो सकती हैं।













