नई दिल्ली : तिमारपुर इलाके में पानी के झगड़े के चलते तीन बदमाशों ने जिम से लौट रहे युवकों पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तिमारपुर के 25 साल के दिलावर उर्फ बाबू के रूप में हुई है। वह ड्राइवर था।
पुलिस ने CCTV फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया
वही घटना की सूचना मिलने के बाद तिमारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाके के CCTV फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का दावा है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:50 बजे PCR पर सूचना मिली कि तिमारपुर स्थित संजय बस्ती में चाकूबाजी की घटना हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल युवक को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा चुका था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दे कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दिलावर अपने दोस्त गौरव के साथ जिम से घर लौट रहा था। जब दोनों संजय बस्ती में मौजूद चौधरी फतेह सिंह मार्ग की सर्विस रोड पर पहुंचे, तो तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों और दिलावर के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी वजह से दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया।
पुलिस ने कहा- आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा
वही झगड़ा बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी गर्दन और सीने पर कई बार चाकू मारे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी उसके दोस्त गौरव को धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले की सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














