कानपुर। रावतपुर थानाक्षेत्र के केशवपुरम में 29 अप्रैल को आश्रम के महांत पर जानलेवा हमला करने वाला हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर पुलिस के लिए खुली चुनौती बन गया है। 43 दिन बीतने के बाद भी पुलिस की तीन टीमें उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई हैं, जबकि आरोपी ने इस दौरान अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से 25 से अधिक रीलें पोस्ट कर न केवल अपनी लोकेशन बताई, बल्कि सरेआम स्टंट कर पुलिस को ललकारा भी।
भाजपा स्टीकर वाली गाड़ियों का काफिला, हाईवे पर स्टंट और सिगरेट के छल्ले
अजय ठाकुर की रीलों में वह काले रंग की थार और स्कॉर्पियो जैसी लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ नज़र आ रहा है। एक वीडियो में वह और उसके साथी भाजपा का झंडा लगी कारों को हाईवे पर रोककर स्टंट करते दिखे। दूसरी रील में अजय बड़ा चौराहा स्थित एक मॉल के बाहर कार के बोनट पर खड़ा सिगरेट के छल्ले उड़ाता दिख रहा है। रात के सूनसान रास्तों पर लग्जरी गाड़ियों की छतों पर चढ़कर निकलने का उसका अंदाज़ पुलिस को सीधी चुनौती जैसा है।
महांत पर हमला, महिला मित्र से विवाद बनी वजह
दरअसल, अजय ठाकुर की एक महिला मित्र केशवपुरम स्थित त्रिलोकी धाम आश्रम के पास रहती है। 40 साल से आश्रम में रह रहे महांत रविकांत शुक्ला उर्फ भोला गिरी ने उसके बार-बार आने का विरोध किया तो अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने ईशु यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा और एक थार समेत चार दोपहिया वाहन जब्त किए थे। थार पर भाजपा का झंडा लगा था।
32 मुकदमों का आरोपी, पुलिस के लिए सिरदर्द बना
बर्रा थाने का हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, लूट, पॉक्सो और गुंडा एक्ट जैसी गंभीर धाराओं समेत शहर के विभिन्न थानों में 32 मुकदमों का आरोपी है। महांत की तहरीर पर उसके, उसकी महिला मित्र और उसकी माँ समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ। लेकिन इसके बावजूद वह पुलिस की पकड़ से दूर है।
एसीपी बोले- तीन टीमें लगी हैं, रीलों की जानकारी नहीं
मामले में एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार का कहना है कि अजय ठाकुर की तलाश में पुलिस की तीन टीमें और मुखबिर लगाए गए हैं। हालाँकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट और वहाँ पोस्ट हो रही रीलों की जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने कहा कि मामले की जाँच कराई जा रही है। लेकिन सवाल यही है कि जब एक हिस्ट्रीशीटर खुलेआम सोशल मीडिया पर पुलिस को चुनौती दे रहा हो, तो तीन टीमें आखिर किसकी तलाश कर रही हैं?



