Ayodhya Deepotsav : छोटी दीपावली के अवसर पर अयोध्या धाम में 10वें दीपोत्सव की भव्य तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सरयू नदी के सभी 56 घाटों को दीपों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। पूरी रामनगरी रोशनी से जगमगा उठी है। इस बार दीपोत्सव को और भव्य बनाने के लिए 3D स्क्रीन पर रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत रूप में दिखाया गया है।

दीपोत्सव में शामिल होने के लिए देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अयोध्या पहुंच रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस भव्य आयोजन में शामिल होंगे।

अयोध्या में बनेगा दीपोत्सव पर नया रिकॉर्ड

रामनगरी अयोध्या में इस बार दीपोत्सव पर नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। राम की पैड़ी के 56 घाटों पर 30 लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएंगे। सरयू तट पर 2,100 बटुक महाआरती करेंगे। इसके साथ ही 2,100 ड्रोन की मदद से रामायण पर आधारित विशेष शो का आयोजन किया जाएगा।

आकर्षक रोशनी और रामायण के प्रसंगों से सजी प्रभु श्रीराम की नगरी 10वें दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए तैयार है।

अयोध्या में दीपोत्सव का पूरा कार्यक्रम

दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या में सुबह से ही कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा।

  • सुबह 10 बजे साकेत डिग्री कॉलेज से झांकी निकलेगी।
  • दोपहर 2 बजे तक झांकी राम कथा पार्क पहुंचेगी।
  • दोपहर 2:15 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
  • दोपहर 2:30 बजे उपराष्ट्रपति अयोध्या पहुंचेंगे।
  • इसके बाद मुख्यमंत्री और उपराष्ट्रपति राम मंदिर में दर्शन करेंगे।
  • दोपहर 3:25 से 3:40 बजे भगवान राम और माता सीता के स्वरूप हेलीकॉप्टर से राम कथा पार्क पहुंचेंगे, जहां भरत मिलाप होगा।
  • दोपहर 3:50 से 4:10 बजे राम कथा पार्क में राम-जानकी का पूजन, वंदन, आरती और श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा।
  • शाम 4:25 से 4:40 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन होगा।
  • शाम 5:35 से 5:55 बजे नया घाट पर सरयू आरती होगी।
  • शाम 6 से 6:25 बजे राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन होगा।
  • शाम 6:25 से 6:55 बजे 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, रामायण पर आधारित लेजर शो और ड्रोन शो होगा।
  • शाम 6:55 से 7:05 बजे राम की पैड़ी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन होगा।
  • शाम 7:40 से 7:50 बजे आतिशबाजी होगी।

सुरक्षा के लिहाज से 20 जोन में बांटी गई अयोध्या

दीपोत्सव के भव्य आयोजन को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे शहर को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है।

इसके अलावा पुलिस, CRPF, PAC, बम स्क्वॉड और अग्निशमन विभाग की टीमों को भी मुस्तैद रखा गया है, ताकि दीपोत्सव का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।

30 लाख दीयों से जगमगाएगी रामनगरी! उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और CM योगी करेंगे रामलला की आरती

शेयर करना
Exit mobile version