सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से सवारियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग हरदोई जिले के रायपुर खटेली से मुंडन संस्कार कराकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हिम्मतनगर के पास ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में चार महिलाओं समेत एक बालिका की मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। महोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में इलाज के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल अन्य लोगों को पिसावां और महोली सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

घायलों में कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार के लिए खुशियों का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। फिलहाल हादसे में घायलों का उपचार जारी है।

Akhilesh Yadav पर Dharmveer Prajapati का हमला, PDA को लेकर कही बड़ी बात!

शेयर करना
Exit mobile version