सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान में कोयले से लदा एक ट्रेलर रोडवेज बस से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, कोयले से लदा ट्रेलर रोडवेज बस से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। इस दौरान ट्रेलर में लदा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिसकी चपेट में बाइक सवार दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

कोयले के नीचे दबे बाइक सवारों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। वहीं, ट्रेलर के केबिन में चालक फंस गया, जिसकी हादसे में मौत हो गई। पुलिस और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद बचाव कार्य किया।

हादसे में रोडवेज बस के तीन यात्री भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में कुल दो लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। यह दुर्घटना वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान की है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

धनतेरस पर बाजारों में दिखा त्योहार का रंग, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

शेयर करना
Exit mobile version