गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से बैंकिंग जगत को हिलाकर रख देने वाला एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा मामला सामने आया है। यहां इंडियन बैंक की मुख्य (प्रधान) शाखा में करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। इस महाघोटाले में किसी बाहरी शख्स का नहीं, बल्कि बैंक के ही अधिकारियों और कर्मचारियों का हाथ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंडियन बैंक के सचिव रवींद्र कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर गोंडा नगर कोतवाली में बैंक के 69 अधिकारियों, कर्मचारियों और कुछ संदिग्ध ग्राहकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 173(4) के तहत जालसाजी (फोर्जरी) और गबन का केस दर्ज किया है। इस एफआईआर की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले 23 सालों (वर्ष 1997 से 2020) के दौरान इस मुख्य शाखा में तैनात रहे हर एक बैंक मैनेजर को आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा इस अवधि में तैनात रहे कैशियर, हेड कैशियर, पोस्ट अफसर और क्लर्क भी इस गंभीर अपराध में नामजद किए गए हैं।

3.60 करोड़ से बढ़कर 4.90 करोड़ हुई रकम

सचिव रवींद्र कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, इन सभी आरोपियों ने अपने पद और कर्तव्यों का दुरुपयोग करते हुए शुरुआत में 3 करोड़ 60 लाख 16 हजार रुपये की भारी हेराफेरी की थी। जब पूर्व में विभागीय स्तर पर इस गड़बड़ी को पकड़ा गया, तब इन सभी कर्मचारियों ने ब्याज सहित अपने-अपने हिस्से का गबन किया हुआ पैसा वापस लौटाने का एक लिखित अनुबंध (एग्रीमेंट) सोसाइटी को दिया था। लेकिन बाद में आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और पैसे वापस नहीं किए। लंबे समय तक पैसा न जमा होने के कारण ब्याज जुड़कर अब यह घोटाले की रकम बढ़कर 4 करोड़ 90 लाख 8 हजार 373 रुपये हो चुकी है।

इस मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि बैंक के तत्कालीन सचिव की भूमिका की भी जांच चल रही है, लेकिन फिलहाल उन पर केस दर्ज नहीं हुआ है। गोंडा के नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सोनू कुमार को सौंपी गई है। पुलिस फिलहाल बैंक के पुराने रिकॉर्ड्स और डिजिटल साक्ष्य जुटाने में लगी है, जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Akhilesh की बेटी पर टिप्पणी करने वालों पर भड़के CM Yogi, मंच से गरजते हुए दिया खुला अल्टीमेटम!

शेयर करना
Exit mobile version