गुजरात की अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका हेमंत नागिनदास मोदी पिछले 12 सालों से पुलिस से बचता फिर रहा था और इस दौरान उसने बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली थी।

पैरोल पर बाहर आया, फिर हो गया फरार

हेमंत मोदी को साल 2005 में अहमदाबाद के नरोडा इलाके में नरेंद्र कांबले नाम के व्यक्ति की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। कोर्ट ने 2008 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वह मेहसाणा जेल में बंद था। साल 2014 में उसे 30 दिन की पैरोल मिली, लेकिन पैरोल खत्म होने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया।

बदल लिया नाम, पहुंच गया मायानगरी

पुलिस के मुताबिक फरार होने के बाद हेमंत ने अपनी पहचान बदल ली। उसने “स्पंदन मोदी” और “ट्विंकल दवे” नाम अपनाया और मुंबई पहुंच गया। वहां उसने थिएटर और छोटे रोल से शुरुआत की और धीरे-धीरे फिल्मों और टीवी सीरियल्स में काम मिलने लगा।

कई बड़ी फिल्मों में किया काम

क्राइम ब्रांच के अनुसार हेमंत ने रणवीर सिंह की ‘जयेशभाई जोरदार’, आमिर खान और अमिताभ बच्चन की ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ जैसी फिल्मों में छोटे लेकिन अहम रोल निभाए। इसके अलावा वह टीवी शो ‘वागले की दुनिया’ और ‘मेरे साईं’ में भी नजर आया। पुलिस का दावा है कि उसने कुछ आने वाली फिल्मों में भी काम किया था।

ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हेमंत बेहद शातिर था। वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था। हाल ही में क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि वह अहमदाबाद आया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और उसे घीकांटा मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

अब हेमंत मोदी को दोबारा मेहसाणा जेल भेज दिया गया है, जहां वह अपनी बाकी उम्रकैद की सजा काटेगा।

"अपनी हैसियत में रहें अजय राय ", Ajay Rai पर फायर हुए युवा चेतना प्रमुख Rohit Singh

शेयर करना
Exit mobile version