हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। इस पहल का उद्देश्य कुंभ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने के साथ श्रद्धालुओं तक आयोजन से जुड़ी जानकारियां डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है।
सोमवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने की दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
लोगो में दिखेगी गंगा, हर की पैड़ी और सनातन परंपरा की झलक
हरिद्वार कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल और सूर्योदय की छटा को दर्शाया गया है। इसके साथ शिव प्रतिमा, साधु-संत, त्रिशूल, डमरू और मां मनसा देवी व मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी जगह दी गई है।
इन प्रतीकों के जरिए हरिद्वार की धार्मिक पहचान और कुंभ की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है। लोगो का इस्तेमाल आयोजन से संबंधित प्रचार सामग्री, प्रकाशनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जा सकेगा।
हरिद्वार की मधु शर्मा के डिजाइन को मिला चयन
कुंभ मेले का लोगो तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने हरिद्वार के जगजीतपुर स्थित विकास कॉलोनी की निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना। इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ का आधिकारिक लोगो तैयार किया गया।
वेबसाइट पर मिलेगी कुंभ से जुड़ी जानकारी
कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक वेबसाइट haridwarkumbh.uk.gov.in का भी लोकार्पण किया गया। इसके माध्यम से श्रद्धालु, आगंतुक और आमजन आयोजन से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं तक भी कुंभ से जुड़ी सूचनाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसका उद्देश्य आयोजन की जानकारी को व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराना और लोगों की पहुंच आसान बनाना है।
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा आगमन का संदेश
समारोह में कुंभ के आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ का भी लोकार्पण किया गया। गीत की शुरुआत ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से होती है।
हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने इस गीत की रचना, गायन और संगीत तैयार किया है। गीत के जरिए कुंभ के आगमन की खुशी, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को अभिव्यक्त करने का प्रयास किया गया है।
परंपरा के साथ आधुनिक संचार माध्यमों पर जोर
कुंभ का लोगो, वेबसाइट और गीत तीन अलग-अलग माध्यमों से आयोजन की पहचान को सामने लाएंगे। लोगो दृश्य पहचान प्रदान करेगा, वेबसाइट डिजिटल जानकारी का माध्यम बनेगी और गीत के जरिए कुंभ के आगमन का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
इस पहल के माध्यम से उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, धार्मिक पर्यटन और हरिद्वार की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने पर जोर दिया गया है।
लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेला व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर और महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी भी शामिल थे।



