उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे और क्रिमिनल बैकग्राउंड वाले प्रेमी ने अपनी ही गर्लफ्रेंड को ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार दीं और उसके बाद खुद भी सुसाइड कर लिया। यह पूरी घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी में जोनल पार्क के पास हुई। इस जघन्य वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और गंभीर रूप से घायल छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है।
सीने पर ‘आर्यन’ का टैटू बना खौफ की वजह
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आदित्य (26) एक हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। वह महज 10 दिन पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया था। मृतका अनुष्का (23) 12वीं कक्षा की छात्रा थी और उसकी मां एक सरकारी टीचर हैं। करीब 3 साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की दोस्ती हुई थी, जो बाद में अफेयर में बदल गई। हालांकि, जब आदित्य अवैध हथियारों के मामले में जेल गया, तो अनुष्का ने उससे दूरी बना ली थी। हाल ही में जब आदित्य ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की, तो उसने अनुष्का के सीने पर ‘आर्यन’ नाम का टैटू देख लिया, जिससे वह गुस्से से आगबबुला हो गया।
ट्यूशन से लौटते वक्त दिया वारदात को अंजाम
घटना वाले दिन अनुष्का ट्यूशन से अपनी स्कूटी पर लौट रही थी, तभी आदित्य ने पल्सर बाइक से उसका पीछा किया और रास्ते में रोक लिया। दोनों डिफेंस एन्क्लेव के जोनल पार्क के पास पहुंचे, जहां आर्यन के नाम के टैटू को लेकर उनके बीच तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर आदित्य ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और अनुष्का पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। छात्रा को सिर में एक और पेट में दो गोलियां लगीं, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी।
अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़े। पकड़े जाने और पुलिस के डर से घबराए आरोपी आदित्य ने खुद के सीने में भी गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल अनुष्का को तुरंत सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन कर उसके पेट से दो गोलियां निकाल दी हैं, लेकिन तीसरी गोली अभी भी सिर में फंसी हुई है, और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



