सीतापुर : रामपुरमथुरा थाना क्षेत्र के सरैया मसूदपुर गांव में सोमवार सुबह तालाब के पीछे एक अज्ञात लड़की का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे गांव के कुछ लोग शौच के लिए तालाब के पीछे गए थे। इसी बीच उनकी नजर झाड़ियों के बीच पड़ी एक युवती के शव पर पड़ी। शव देखकर गांव के लोग सहम गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर UP-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम कनौजिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, मरने वाली की उम्र 20 से 25 साल के बीच लग रही है। लड़की गोरी है और उसने काली शर्ट पहनी हुई है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आस-पास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट से भी मिलान कर रही है।

गले पर मिले गंभीर चोट के निशान

वही गांव वालों ने बताया कि लड़की के गले पर चोट के निशान दिख रहे हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। हालांकि, पुलिस किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। क्राइम सीन को सुरक्षित करने और सबूत इकट्ठा करने का प्रोसेस शुरू कर दिया गया है। साथ ही, डिटेल में जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने सबूत इकट्ठा करने के बाद जांच शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

थाने के इंचार्ज इंस्पेक्टर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत की असली वजह का पता चलेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और लड़की की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

आज से शुरू होगा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, इंडिगो की पहली उड़ान से लखनऊ जाएंगे जमीन देने वाले किसान

शेयर करना
Exit mobile version