नई दिल्ली: अदाणी ग्रुप ने भारतीय कॉरपोरेट जगत में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए ‘ब्रांड फाइनेंस इंडिया 100 रिपोर्ट 2026’ में टॉप 10 सबसे वैल्यूएबल ब्रांड्स की सूची में अपनी जगह पक्की कर ली है। ग्रुप ने पिछले साल के 13वें स्थान से छलांग लगाकर 8वीं रैंक हासिल की है, जो इसे भारत की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली कंपनी बनाती है।

31.3 प्रतिशत की शानदार ग्रोथ

रिपोर्ट के अनुसार, अदाणी ग्रुप की ब्रांड वैल्यू 31.3 प्रतिशत बढ़कर 8.48 बिलियन डॉलर हो गई है। यह वृद्धि भारत के टॉप 20 ब्रांड्स में सबसे अधिक है। खास बात यह है कि पिछले एक साल में ही ग्रुप की वैल्यू में 2.02 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है, जो कि 2022 में इसकी कुल वैल्यूएशन से भी ज्यादा है। इस ग्रोथ के साथ अदाणी ग्रुप अब देश का तीसरा सबसे वैल्यूएबल ग्रुप बन गया है।

एनर्जी सेक्टर में अदाणी का एकछत्र राज

अदाणी पावर ने इस रिपोर्ट में भारत के ‘नंबर 1 सबसे वैल्यूएबल एनर्जी ब्रांड’ का खिताब अपने नाम किया है, जिसकी वैल्यू 152 प्रतिशत की शानदार तेजी के साथ 1.8 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। इसके अलावा, अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस भी देश के टॉप पांच एनर्जी ब्रांड्स में शुमार हैं। अदाणी टोटल गैस की मौजूदगी के साथ, एनर्जी सेक्टर में ग्रुप की स्थिति और अधिक मजबूत हो गई है।

ब्रांड स्ट्रेंथ में जबरदस्त सुधार

रिपोर्ट के मुताबिक, अदाणी ग्रुप का ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स (BSI) स्कोर 3.6 अंक बढ़कर 84 हो गया है। यह स्कोर ग्रुप को भारत के लीडिंग कंज्यूमर और रिटेल ब्रांड्स के बराबर खड़ा करता है, जो निवेशकों और हितधारकों के बढ़ते भरोसे का संकेत है।

ब्रांड फाइनेंस के एशिया पैसिफिक मैनेजिंग डायरेक्टर, एलेक्स हेघ ने इसे भारत की विकास गाथा (Growth Story) से जुड़ा हुआ बताया। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और एनर्जी में ग्रुप की बढ़ती पैठ ने देश की आर्थिक प्राथमिकताओं को पूरा करने में एक मजबूत पोर्टफोलियो तैयार किया है।

यह रैंकिंग ब्रांड फाइनेंस की वैश्विक पद्धति पर आधारित है, जो उपभोक्ता धारणा, ब्रांड प्रभाव और भविष्य के राजस्व का सटीक आकलन करती है। डिजिटल परिवर्तन और बुनियादी ढांचे में भारी निवेश के चलते भारत के टॉप 100 ब्रांड्स की कुल वैल्यू बढ़कर 252.8 बिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।

गृहमंत्री Amit Shah से मिले CM Yogi,यूपी के इन मुद्दों पर हुई चर्चा

शेयर करना
Exit mobile version