सहारनपुर: जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को सुधारने और खाकी की साख बहाल करने के उद्देश्य से एसएसपी अभिनंदन सिंह ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। लापरवाही, आपराधिक गतिविधियों में लिप्तता और जनता के साथ दुर्व्यवहार के मामलों में कुल 146 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। इनमें से 36 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि 110 को लाइन हाजिर किया गया है। इसके अतिरिक्त, दो पुलिसकर्मियों पर मिस-कंडक्ट की कार्रवाई भी की गई है।

निलंबित होने वालों में एक निरीक्षक, 10 दरोगा, 12 हेड कांस्टेबल और 13 कांस्टेबल शामिल हैं। वहीं, लाइन हाजिर होने वालों में 54 उपनिरीक्षक सबसे अधिक संख्या में हैं। गौरतलब है कि जिले में 22 थाने, एक साइबर थाना और 100 से अधिक चौकियां हैं। फरवरी 2026 में कार्यभार संभालने के बाद से ही एसएसपी अभिनंदन सिंह को लगातार पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि जनता के साथ दुर्व्यवहार या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सामूहिक कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन का यह रुख जनता का पुलिस पर भरोसा कायम करने के लिए एक सख्त संदेश माना जा रहा है। आने वाले दिनों में और भी कड़ी निगरानी के संकेत दिए गए हैं।

नोएडा भूमि मुआवजा घोटाला: सुप्रीम कोर्ट ने SIT को किया भंग, विजिलेंस को सौंपी जांच

शेयर करना
Exit mobile version