सोहावल। सरयू नदी पर बने ढेमवा पुल के रास्ते नवाबगंज गोंडा को अयोध्या से जोड़ने वाला पीपा पुल दो माह बाद प्रशासन ने हटा दिया है, जिससे दोनों जनपदों का सीधा संपर्क पूरी तरह टूट गया है। अब सरयू नदी के बीच से नाव और स्टीमर के सहारे ही आवागमन संभव है, जिससे हजारों ग्रामीणों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
क्यों हटाया गया पीपा पुल?
लोक निर्माण विभाग ने गोंडा प्रशासन की पहल पर अप्रैल माह में लाखों रुपये खर्च कर यह पीपा पुल बनाया था, जो नवाबगंज गोंडा के कई गांवों को सीधे सोहावल से जोड़ता था। इसी रास्ते से हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते थे और स्थानीय कारोबार भी इसी संपर्क मार्ग पर निर्भर था। लेकिन सरयू नदी में पानी बढ़ने के बाद विभाग ने एहतियात के तौर पर एक सप्ताह की कड़ी मशक्कत के बाद इस पुल को हटा दिया।
निजी स्टीमर संचालक उठा रहे मजबूरी का फायदा
पुल हटने के बाद लोगों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए निजी स्टीमर संचालकों ने तुरंत अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं, लेकिन मनमानी कीमत वसूली जा रही है। संचालकों द्वारा प्रति व्यक्ति 10 रुपये और प्रति वाहन 30 रुपये तक का किराया लिया जा रहा है। तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि एहतियात के तौर पर ढेमवा पुल के रास्ते पर बड़े वाहनों का प्रतिबंध लगा दिया गया है और फिलहाल पैदल तथा दोपहिया वाहन चालक ही स्टीमर के जरिए आ-जा रहे हैं।













