उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस वक्त की एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने शिकंजा कसते हुए मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे समेत कुल 3 आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही सभी आरोपी लगातार फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शिवा शर्मा हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए यह कड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस ने जिन तीन लोगों पर इनाम घोषित किया है, उनमें मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के साथ-साथ रश्मि दुबे और तनवीर अली का नाम भी शामिल है। घटना के बाद से ही ये सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं और अपनी ठिकाने बदलकर छिपते फिर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।
हत्याकांड के बाद से ही इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि इन आरोपियों के बारे में किसी भी तरह की पुख्ता जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।













