नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया ने बीती रात एक बहुत बड़ा सितारा खो दिया। वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गारफील्ड सेंट ऑबर्न सोबर्स उर्फ गैरी सोबर्स का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को उनके निधन की सूचना दी, जिसके बाद पूरा क्रिकेट जगत स्तब्ध रह गया। विजडन अल्मनैक ने उन्हें 20वीं सदी के पांच महानतम क्रिकेटरों में चुना था। उनका जन्म 28 जुलाई 1936 को बारबाडोस के सेंट माइकल में दोनों हाथों में एक-एक अतिरिक्त अंगुली के साथ हुआ था।
विराट और सचिन हुए भावुक
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने सोबर्स के निधन पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा, “क्रिकेट ने अपने सबसे महान खिलाड़ियों में से एक को खो दिया। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। सर गारफील्ड सोबर्स, आपकी विरासत कई लोगों को प्रेरित करेगी।” वर्ष 2023 में जब टीम इंडिया वेस्टइंडीज दौरे पर थी, तब सोबर्स ने कोहली से मिलने के लिए विशेष रूप से इंतजार किया था और उनके इस व्यवहार की जमकर चर्चा हुई थी।
सचिन तेंदुलकर ने भी जताया शोक
भारत के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने सोबर्स के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “इस बात को हजम करना बेहद मुश्किल है कि गैरी सोबर्स अब इस दुनिया में नहीं रहे। मैं हमारे साथ बिताए गए पलों को देख रहा था। मुझे 2003 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड देने से लेकर मेरे शतकों का शतक मारने की उपलब्धि पर उनकी बातें ताजा हो गईं।” सचिन ने लंदन में कुछ साल पहले हुई अपनी आखिरी मुलाकात को याद करते हुए कहा कि यह सोचकर बेहद दुख हो रहा है कि वह उनकी आखिरी मुलाकात बन गई।
सहवाग ने अनोखे अंदाज में दी श्रद्धांजलि
पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अपने विशेष अंदाज में सोबर्स को याद करते हुए लिखा, “ऑलराउंडर शब्द बहुत लोगों के लिए यूज होता है। सर गारफील्ड सोबर्स के लिए ये शब्द बनाया गया था। फास्ट बॉलिंग, स्पिन बॉलिंग, बाएं हाथ से खूबसूरत बल्लेबाजी, एक ओवर में छह छक्के, 365 नाबाद, सिर्फ 23 साल की उम्र में। अपने समय से काफी आगे थे। आईपीएल युग में होते तो सबसे महंगे होते बिना शक के। क्रिकेट ने अपना सबसे कम्पलीट खिलाड़ी खोया है।”



