उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। बुधवार को राज्य के 30 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली। लखनऊ समेत 10 से ज्यादा जिलों में ओले भी गिरे, जिससे कई इलाकों में नुकसान की स्थिति बन गई।
तेज धूलभरी आंधी के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, वहीं कुछ कच्चे मकान भी गिरने की खबरें सामने आई हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा की छत उड़ जाने की भी घटना दर्ज की गई है। बारिश और आंधी से जुड़े हादसों में कई लोगों की मौत भी हुई है।
मौसम विभाग ने आज भी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। प्रयागराज, आगरा, कानपुर, वाराणसी समेत 35 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 11 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।
IMD के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अगले 5 दिनों तक प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इससे गर्मी और लू से फिलहाल राहत मिलेगी और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव है। हालांकि दिन में धूप निकलने से उमस की स्थिति बनी रह सकती है।
बिजली गिरने का अलर्ट वाले जिले
प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, मैनपुरी, महोबा, झांसी और ललितपुर।



