लखनऊ : उत्तर प्रदेश में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (यूपीआरवीयूएनएल) ने राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के विकास के लिए संयुक्त उपक्रम समझौते (Joint Venture Agreement) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता यूपीआरवीयूएनएल के प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी तथा कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) आशीष कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर इन्वेस्ट यूपी के पीएसयू प्रमुख सुबोध दीक्षित और कोल इंडिया लिमिटेड व यूपीआरवीयूएनएल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रदेश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम

यह रणनीतिक साझेदारी स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार को तेज़ करने और प्रदेश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड और प्रदेश की प्रमुख विद्युत उत्पादन कंपनी यूपीआरवीयूएनएल मिलकर विश्वस्तरीय नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना विकसित करेंगे, जो उत्तर प्रदेश की बढ़ती विद्युत आवश्यकताओं को टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल और भविष्य उन्मुख समाधान उपलब्ध कराएगी।

एक नई संयुक्त उद्यम कंपनी का गठन किया जाएगा

समझौते के तहत एक नई संयुक्त उद्यम कंपनी का गठन किया जाएगा, जिसमें कोल इंडिया लिमिटेड की 51 प्रतिशत तथा यूपीआरवीयूएनएल की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। यह कंपनी ग्राउंड-माउंटेड सोलर, फ्लोटिंग सोलर, रूफटॉप सोलर, पवन ऊर्जा, पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं सहित पारस्परिक सहमति से तय अन्य स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं के विकास, वित्तपोषण, निर्माण, संचालन और रखरखाव का कार्य करेगी।

यह साझेदारी कोल इंडिया लिमिटेड की वित्तीय क्षमता, परियोजना क्रियान्वयन दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा विशेषज्ञता को यूपीआरवीयूएनएल के विद्युत उत्पादन अनुभव एवं उत्तर प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं की गहरी समझ के साथ जोड़ती है। दोनों संस्थाएं मिलकर सौर, पवन, फ्लोटिंग सोलर और पंप्ड स्टोरेज जैसी उच्च गुणवत्ता वाली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं का विकास करेंगी, जिससे राज्य में विश्वसनीय बिजली आपूर्ति, स्वच्छ ऊर्जा की उपलब्धता और कार्बन उत्सर्जन में कमी सुनिश्चित होगी।

बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित कर ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा

यह संयुक्त उपक्रम उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित कर ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा और सतत आर्थिक विकास को गति देगा। कोल इंडिया स्वच्छ ऊर्जा निवेश के माध्यम से एक एकीकृत ऊर्जा कंपनी के रूप में आगे बढ़ रही है, जबकि यूपीआरवीयूएनएल प्रदेश में विश्वसनीय एवं किफायती विद्युत आपूर्ति तथा हरित ऊर्जा अवसंरचना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

यूपी के वरिष्ठ अधिकारियों की रहे उपस्थित

इस संयुक्त उपक्रम समझौते के अवसर पर यूपीआरवीयूएनएल, कोल इंडिया लिमिटेड तथा इन्वेस्ट यूपी के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में यूपीआरवीयूएनएल के निदेशक (पी एंड सी) एस.के. दत्ता, निदेशक (वित्त) घनश्याम शर्मा, मुख्य अभियंता अनुराग वाजपेयी, अधीक्षण अभियंता संजय गुप्ता तथा अधिशासी अभियंता अभिषेक श्रीवास्तव उपस्थित रहे। वहीं, कोल इंडिया लिमिटेड की ओर से अधिशासी निदेशक (नवीकरणीय ऊर्जा) तुषार कुमार, राज्य प्रमुख बिनोद कुमार एवं वरिष्ठ प्रबंधक जितेंद्र सिंह ने सहभागिता की। सभी अधिकारियों ने इस रणनीतिक साझेदारी को उत्तर प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा निवेश ऊर्जा सुरक्षा तथा सतत औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल बताया।

Meerut News : MDA की कार्यवाही पर रसूख भारी, 10 मिनट के अंदर खुल गई सील कोचिंग

शेयर करना
Exit mobile version