लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है, जिससे राज्य की सियासत गरमा गई है। मीडिया ने जब बृजभूषण शरण से सवाल किया कि यूपी में कांग्रेस कम से कम 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर रही है, तो उन्होंने कहा कि “अखिलेश के बिना सब सूना है।”
बयान के सियासी मायने
बृजभूषण के इस बयान से यूपी में सियासी पारा चढ़ गया है और इसके कई सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं। बता दें कि इंडिया गठबंधन की यूपी में सीट शेयरिंग को लेकर लगातार बयानबाजी हो रही है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सीटों को लेकर कई बार आमने-सामने आ चुकी हैं। अखिलेश यादव यूपी चुनाव को लेकर हो रही इंडिया गठबंधन की बैठकों में शामिल नहीं हो रहे हैं, जिससे गठबंधन का मामला एक बार फिर उलझ गया है।
अखिलेश की तारीफ के रूप में देखा जा रहा बयान
बृजभूषण शरण के इस बयान को अखिलेश यादव की तारीफ के रूप में जोड़ा जा रहा है। गौरतलब है कि यूपी में आज इंडिया गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर अहम बैठक होने जा रही है। इसमें अखिलेश ने पार्टी के नेता को भेजा है, लेकिन खुद शामिल नहीं हुए हैं। बैठक में कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हो रहे हैं। अखिलेश द्वारा बैठक से दूरी बनाने को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। बता दें कि बृजभूषण शरण पहले भी मीडिया को दिए इंटरव्यू में कह चुके हैं कि इस बार के विधानसभा चुनाव में अखिलेश फाइट में हैं।



