गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके में बने पिंक बूथ पर एक ऑटो चालक की मौत का मामला सामने आया है। बता दे आरोप है कि युवक अपनी जान बचाने के लिए पुलिस बूथ पर मदद मांगने पहुंचा था, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
दूसरे ऑटो चालकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था
जानकारी के मुताबिक, मृतक ऑटो चालक का दूसरे ऑटो चालकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह मदद मांगने के लिए संजय नगर स्थित पिंक बूथ पर पहुंचा। वहां करीब 40 मिनट तक वह मदद के लिए गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बूथ का दरवाजा नहीं खोला । इसी दौरान उसने गुस्से में बूथ के शीशे पर हाथ मार दिया, जिससे उसके हाथ की नस कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
समय से अस्पताल ले जाते तो बच जाता- परिजन
परिजनों का आरोप है कि घायल युवक को समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय पुलिसकर्मी मौके पर वीडियो बनाते रहे। उनका कहना है कि अगर पुलिस समय रहते उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा देती तो उसकी जान बच सकती थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बूथ पर मौजूद कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं, परिजनों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। मृतक के परिवार में इस घटना के बाद मातम का माहौल है।



