मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसा सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया है। यहां एक कलयुगी मां ने अपने प्रेम प्रसंग और शादी की खातिर अपनी ममता का गला घोंटते हुए अपने ही 7 साल के मासूम बेटे की प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात मेरठ के बहसूमा थानाक्षेत्र की है, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मां को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान 7 साल के अंगदवीर के रूप में हुई है। आरोपी मां गुरप्रीत का अपने प्रेमी अर्पित पाराशर के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों जल्द से जल्द शादी के बंधन में बंधना चाहते थे। इस शादी के बीच में गुरप्रीत का मासूम बेटा अंगदवीर रोड़ा बन रहा था। इसी वजह से मां ने अपने प्रेमी अर्पित के साथ मिलकर अपने ही कलेजे के टुकड़े को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची और उसकी निर्मम हत्या कर दी।
इस पूरे सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद शक के आधार पर मुख्य आरोपी प्रेमी अर्पित पाराशर को 16 जून की रात को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिसिया पूछताछ में जब अर्पित से कड़ाई से कड़ियां जोड़ी गईं, तो इस मर्डर मिस्ट्री में मासूम की सगी मां गुरप्रीत की संलिप्तता का भी चौंकाने वाला पर्दाफाश हुआ। आरोपी मां ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



