मशहूर ‘स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर’ फ्रेंचाइजी के फिक्शनल कॉलेज ‘सेंट थेरेसा’ के दरवाजे एक बार फिर दर्शकों के लिए खुल गए हैं, लेकिन इस बार अंदाज बिल्कुल बदला हुआ है। करण जौहर की इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी ने फिल्मों से छलांग लगाकर अब वेब सीरीज़ की दुनिया में कदम रख दिया है। मेकर्स ने इसके तीसरे इंस्टॉलमेंट के रूप में ‘स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर-आफ़्टर डार्क’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसका सोमवार को रोमांचक टीज़र रिलीज कर दिया गया है।
बता दें, इस सीरीज़ के जरिए स्टारकिड शनाया कपूर अपना डिजिटल और OTT डेब्यू करने जा रही हैं। सामने आए टीज़र में एक वाइब्रेंट पार्टी लाइफ से अचानक एक लड़की की फ्रोजन डेड बॉडी में तब्दील होते दृश्यों को दिखाया गया है, जो इस बात की गवाही देता है कि इस बार की कहानी पिछली फिल्मों की तरह कोई साधारण म्यूज़िकल लव स्टोरी नहीं, बल्कि एक रॉ, लेयर्ड और डार्क थ्रिलर होने वाली है।
इस हाई-ग्लॉस प्रोजेक्ट को करण जौहर प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि इसका निर्देशन अपनी डेयरिंग कहानियों के लिए पहचानी जाने वाली डायरेक्टर रीमा माया कर रही हैं। रीमा माया ने एक प्रेस नोट में कहा कि यह सीरीज़ दर्शकों की उम्मीदों से बिल्कुल अलग होगी और इसे पूरी तरह से एक थ्रिलर कॉम्पिटिशन वेब-सीरीज़ के रूप में गढ़ा गया है। शनाया कपूर को ‘डायरेक्टर की एक्टर’ बताते हुए उन्होंने उनकी मेहनत की सराहना की है। यह बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज़ आगामी 13 नवंबर से प्रमुख OTT प्लेटफॉर्म Jio Hotstar पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी।



