उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) आगरा जोन और थाना नॉलेज पार्क पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन के पास से दो विदेशी तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 920 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली MDMA सिंथेटिक ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 92 लाख रुपये बताई जा रही है।
बता दें, पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों में एक विदेशी युवक और एक युवती शामिल हैं, जबकि उनका एक अन्य साथी मौके से भागने में सफल रहा। तस्करों के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की गई है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि ‘कलिस्टो’ नाम का एक विदेशी हैंडलर उन्हें यह ड्रग्स तैयार करके देता था, जिसे वे दिल्ली-एनसीआर और नोएडा के विभिन्न पबों, क्लबों तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है। वहीं, इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड ‘कलिस्टो’ और फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस और ANTF की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। ANTF अब इन तस्करों के मोबाइल डेटा और बैंक खातों के जरिए इनके पूरे गिरोह के आर्थिक ताने-बाने को खंगालने में जुटी है।



