अमेरिका में हुए मिडटर्म इलेक्शन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। लॉस एंजिल्स और वाशिंगटन DC में मेयर पद के चुनाव में भी रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। लॉस एंजिल्स में भारत में जन्मीं नित्या रमन ने जीत दर्ज कर मेयर पद हासिल किया है। चुनावी नतीजों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने डेमोक्रेटिक सोशलिस्टों की जीत और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
लॉस एंजिल्स और वाशिंगटन में हार पर क्या बोले ट्रंप?
व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने लॉस एंजिल्स और वाशिंगटन DC में मेयर पद के चुनावों में डेमोक्रेटिक सोशलिस्टों की जीत पर प्रतिक्रिया दी।
ट्रंप ने कहा, “एक समय ऐसा आएगा जब लोग नाखुश होंगे। तब बदलाव आएगा। लेकिन दुर्भाग्य से अक्सर ऐसा इतनी देर से होता है कि जब कोई शहर, देश या राज्य बहुत ज्यादा बिगड़ जाता है तो आप उसे कभी वापस नहीं ला सकते।”
‘हमारे चुनाव इतने बेईमान हैं’
डोनाल्ड ट्रंप ने लॉस एंजिल्स के चुनाव परिणामों पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि स्पेंसर प्रैट फाइनल में पहुंचेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
ट्रंप ने कहा, “मैंने लॉस एंजिल्स का चुनाव देखा और यह बहुत ही शर्मनाक घटना थी क्योंकि मुझे लगा था कि स्पेंसर प्रैट फाइनल में पहुंचेंगे। बाकी सभी को भी यही लगा था। हमारे चुनाव इतने बेईमान हैं कि आपको अंदाजा भी नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर इतिहास को देखें तो यह एक बड़ी तबाही साबित होगी। ट्रंप ने न्यूयॉर्क का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के एक अच्छे व्यक्ति के साथ उनका काम चल रहा है और उनके साथ उनकी अच्छी बनती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि न्यूयॉर्क अच्छा प्रदर्शन करेगा।
मेयर बनने के बाद नित्या रमन ने जताई खुशी
लॉस एंजिल्स की मेयर चुने जाने के बाद भारत में जन्मीं नित्या रमन ने खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।
नित्या रमन ने लिखा, “लॉस एंजिल्स, आपका अगला मेयर बनना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। मैंने अभी मेयर बास से बात की। उनके नेतृत्व और दशकों की सेवा के लिए उनका तहे दिल से आभार जताया। उनके बिना लॉस एंजिल्स आज जैसा है, वैसा नहीं होता।”
उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें इस शहर से प्यार है और यहां के लोगों पर भरोसा है। आगे का काम मुश्किल होगा और बदलाव आने में समय लगेगा, लेकिन सभी मिलकर एक ऐसा भविष्य बनाएंगे, जो इस शहर की तरह ही शानदार होगा।
शेयर बाजार में गिरावट के लिए ट्रंप ने डेमोक्रेट्स को ठहराया जिम्मेदार
अमेरिका में चुनाव नतीजे आने के बाद शेयर बाजार में गिरावट को लेकर भी डोनाल्ड ट्रंप ने विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर शेयर बाजार की गिरावट के लिए डेमोक्रेट्स को जिम्मेदार ठहराया।
ट्रंप ने लिखा, “चुनाव के नतीजों की वजह से शेयर बाजार ने इतिहास के सबसे बुरे दिनों में से एक का सामना किया है। यह देखना बहुत दुखद है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमने इतनी मेहनत करके देश को उस स्तर तक पहुंचाया था जो पहले कभी नहीं देखा गया था और अब यह सब हो गया। इसी वजह से आपके 401(k) (रिटायरमेंट फंड) में गिरावट आई है। याद रखें इसमें रिपब्लिकन का कोई हाथ नहीं था। यह सब डेमोक्रेट्स की वजह से हुआ है।”



